देश की खबरें | असम: कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद चुनाव में भाजपा की शानदार जीत

गुवाहाटी, 13 जून असम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद चुनाव में सोमवार को सभी 26 सीट पर जीत हासिल कर ली। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने यह जानकारी दी।

राज्य में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को एक भी सीट पर जीत नहीं मिल पाई।

एसईसी ने एक बयान में कहा, ‘‘मतगणना शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। भाजपा ने सभी 26 सीट पर जीत दर्ज की।’’

उल्लेखनीय है कि कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के लिए बुधवार को मतदान हुआ था और 78 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

कार्बी आंगलोंग जिले में सक्रिय पांच उग्रवादी संगठनों से पिछले साल सितंबर में हुए शांति समझौते के बाद इस स्वायत्त परिषद के लिए पहली बार चुनाव कराए गए हैं। जिले में सक्रिय उग्रवादियों के साथ यह इस प्रकार का तीसरा समझौता है। इससे पूर्व 1995 और 2011 में समझौते हुए थे।

पिछले साल हुए ‘कार्बी आंगलोंग समझौते’ के बाद करीब एक हजार उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया और सरकार ने कार्बी इलाके के लिए एक हजार करोड़ रुपये के ‘‘विशेष विकास पैकेज’’की घोषणा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)