देश की खबरें | असम में सैन्य शिविर पर हमला: एनआईए ने आरोप पत्र दायर किया

नयी दिल्ली, 29 मई राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बुधवार को उल्फा-आई प्रमुख परेश बरुआ और पांच अन्य के खिलाफ भारत विरोधी एजेंडे के तहत सैन्य शिविरों को निशाना बनाने की साजिश रचने के लिए आरोप पत्र दाखिल किया। केंद्रीय एजेंसी ने यह जानकारी दी।

एनआईए ने एक बयान में कहा कि उन पर 2023 में असम में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन द्वारा सेना के शिविर पर हमले से जुड़े एक मामले में विभिन्न आपराधिक मामलों के लिए आरोप लगाए गए हैं।

इसमें कहा गया है, ‘‘प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम-इंडिपेंडेंट (उल्फा-आई) ने हमले को अंजाम देने की साजिश रची थी, जिसमें 22 नवंबर 2023 की शाम को असम के तिनसुकिया जिले के काकोपाथर में सेना के शिविर पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने दो ग्रेनेड फेंके थे।’’

जांच एजेंसी ने कहा कि इस हमले में कोई भी घायल नहीं हुआ था।

बयान में कहा गया है, ‘‘एनआईए की विशेष अदालत, गुवाहाटी के समक्ष आज दायर अपने आरोप पत्र में एजेंसी ने प्रतिबंधित संगठन के स्वयंभू (एसएस) प्रमुख परेश बरुआ के साथ ही एसएस ब्रिगेडियर अरुणोदय दोहुतिया, एसएस द्वितीय लेफ्टिनेंट सौरव असोम, एसएस कैप्टन अभिजीत गोगोई उर्फ ​​ऐशेंग असोम और दो अन्य पराग बोरा तथा बिजॉय मोरान को नामजद किया है।’’

पराग और बिजॉय को पिछले साल दिसंबर की शुरूआत में तिनसुकिया जिले से गिरफ्तार किया गया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।

एनआईए ने कहा कि आरोप पत्र भारतीय दंड संहिता, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दायर किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)