देश की खबरें | असम और नगालैंड विवादित सीमा पर तेल उत्खनन के लिए सहमत

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और नगालैंड के उनके समकक्ष नेफ्यू रियो दोनों राज्यों के आर्थिक लाभ के लिए अपनी विवादित सीमा पर स्थित इलाकों में तेल उत्खनन पर आगे बढ़ाने पर सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गए हैं।

शर्मा और रियो बृहस्पतिवार रात को एक बैठक के दौरान इस सहमति पर पहुंचे। इससे कुछ घंटे पहले असम और अरुणाचल प्रदेश सरकारों ने अपने पांच दशक पुराने सीमा विवाद को हल करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

असम सरकार ने एक बयान में कहा कि असम और नगालैंड दशकों पुराने सीमा विवाद को सौहार्द्रपूर्ण तरीके से समाप्त करने के सभी विकल्पों को तलाश रहे हैं।

इसमें कहा गया है कि यहां बैठक में दोनों मुख्यमंत्रियों ने अंतर-राज्यीय सीमा पर तेल उत्खनन पर सहयोग और परस्पर हित के मुद्दों पर चर्चा की।

रियो ने पत्रकारों को बताया कि असम और नगालैंड ने विवादित इलाकों में तेल उत्खनन पर समझौता ज्ञापन के लिए सैद्धांतिक सहमति दे दी है ताकि तेल का उत्खनन किया जा सके और इससे मिले राजस्व को पड़ोसी राज्यों के बीच साझा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि असम और अरुणाचल प्रदेश की सरकारों ने सीमा विवाद पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं और इसी तरह ‘‘हम भी इस पर चर्चा कर रहे हैं कि हम दोनों पक्षों के जातीय समूहों के समर्थन से अदालत के बाहर अपने सीमा विवाद को कैसे हल करें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)