देश की खबरें | असम : अजमल पर पारंपरिक अंगवस्त्र का अपमान करने का आरोप, पुलिस को शिकायत दी गई

मोरीगांव (असम), 15 नवंबर असम में विपक्षी दल एआईयूडीएफ के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर पारंपरिक वैष्णव अंगवस्त्र ‘चेलेंग’ का अपमान करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने कहा कि असम सत्र महासभा ने मंगलवार को मोरीगांव जिले के लाहौरीघाट में एक बैठक के दौरान भेंट किए गए ‘चेलेंग’ को अपने कंधे से फेंकने के आरोप में धुबरी सांसद के खिलाफ मोरीगांव पुलिस थाने में शिकायत दी है।

यह मामला तब सामने आया, जब कई टीवी चैनल ने इस बैठक का कथित वीडियो प्रसारित किया।

हालांकि, अजमल ने दावा किया कि वह मंच के नीचे बैठे लोगों को अंगवस्त्र दे रहे थे।

अजमल ने आरोप लगाया कि जो लोग राज्य में समस्याएं पैदा करना चाहते हैं, उनके द्वारा ये विवाद खड़ा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘वहां मंच के नीचे लोग बैठे थे और उन्होंने मुझसे ‘चेलेंग’ मांगा। इसलिए, मैंने इसे उन्हें दे दिया। अगर कोई वीडियो देखे, तो यह देख सकता है कि मैं ‘चेलेंग’ को फेंक नहीं रहा था, बल्कि इसे प्यार से उन्हें दे रहा था।’’

महासभा के सचिव बिमल चंद्र बोरकाकोटी ने कहा, ‘‘हमारे सम्मानित ‘चेलेंग’ का ऐसा अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने अजमल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।’’

मोरीगांव थाने के एक अधिकारी ने कहा कि वह शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रहे हैं और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)