देश की खबरें | बुद्ध से जुड़े तीन प्रमुख संग्रहालयों के उन्नयन, नवीनीकरण की परियोजनाओं पर काम कर रहा एएसआई: सरकार

नयी दिल्ली, 10 अगस्त सरकार ने बृहस्पतिवार को संसद में बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) बिहार और उत्तर प्रदेश में बुद्ध से जुड़े तीन प्रमुख संग्रहालयों के उन्नयन और नवीनीकरण की परियोजनाओं पर काम कर रहा है।

केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

उनसे पिछले तीन वर्षों के दौरान भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में पूछा गया था।

रेड्डी ने कहा, ‘‘संस्कृति मंत्रालय ने अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं यानी सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और अपने संबद्ध, अधीनस्थ और स्वायत्त संगठनों के माध्यम से मूर्त और अमूर्त कला और संस्कृति को बढ़ावा देना।’’

अधिक जानकारी साझा करते हुए, उन्होंने संस्कृति को बढ़ावा देने और संरक्षित करने के लिए सरकार द्वारा की गई कई योजनाओं को गिनाया।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण बुद्ध से जुड़े तीन प्रमुख संग्रहालयों यानी बोधगया (ज्ञानोदय), सारनाथ (प्रथम उपदेश) और नालंदा (प्राचीन बौद्ध विश्वविद्यालय) को उन्नत और नवीनीकृत करने की परियोजनाओं पर काम कर रहा है।

बोधगया और नालंदा बिहार में स्थित हैं जबकि सारनाथ उत्तर प्रदेश में है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)