देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश : बादल फटने से विद्युत संयंत्रों और मकानों को क्षति

ईटानगर, 16 सितंबर अरुणाचल प्रदेश के शी-योमी जिले में शनिवार को बादल फटने से एक गांव में बाढ़ आ गई और इससे भारी नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, जिला मुख्यालय मेचुका के नजदीक ल्हाल्लुंग गांव में बादल फटने और मूसलाधार बारिश होने से दो विद्युत संयंत्रों को भारी नुकसान पहुंचा है और मेचुका शहर और आसपास के इलाकों में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है।

रिपोर्ट में कहा गया कि बाढ़ से खेत जलमग्न हो गए और खड़ी फसलों, मकानों, जलापूर्ति तथा मवेशियों को नुकसान हुआ। हालांकि, इससे कोई जनहानि नहीं हुई है।

अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष और मेचुका के स्थानीय विधायक दोरजी सोना ने स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को तत्काल कदम उठाने और प्रभावित परिवारों की मदद करने का निर्देश दिया।

सोना ने प्रशासन को क्षति का आकलन करने का निर्देश देते हुए बिजली एवं जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग (पीएचईडी) को यथाशीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने को कहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उप मुख्यमंत्री चौना मीन से बात की है और उनसे मदद मांगी है।

ल्हाल्लुंग स्थित जल विद्युत संयंत्र मेचुका शहर और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति के प्रमुख स्रोत हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)