देश की खबरें | सेना प्रमुख ने पंजाब से लगती सीमा पर अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की

चंडीगढ़, 14 जुलाई थल सेना अध्यक्ष एमएम नरवणे ने मंगलवार को पंजाब के अमृतसर एवं फिरोजपुर स्थित वज्र कोर के प्रतिष्ठानों का दौरा किया और पश्चिम सीमा पर सैनिकों की तैयारियों की समीक्षा की।

रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक सोमवार को थलसेना अध्यक्ष ने जम्मू-पठानकोट इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा की अग्रिम चौकियों का दौरा किया था और इलाके में तैनात कमांडरों और सैनिकों से संवाद किया था।

यह भी पढ़े | पंजाब मेडिकल कॉलेज के और 8 डॉक्टर पाए गए कोरोना पॉजिटिव: 14 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

विज्ञप्ति के मुताबिक मंगलवार को दौरे में जनरल नरवणे के साथ पश्चिमी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरपी सिंह भी मौजूद थे।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक वज्र कोर के कोर कमांडर तथा पैंथर एवं गोल्डन एरो डिविजन के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल संजीव शर्मा ने सेना प्रमुख को जमीनी हालात की जानकारी दी।

यह भी पढ़े | केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने खुद को किया क्वॉरन्टीन, कोरोना पॉजिटिव जम्मू-कश्मीर के BJP प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना के आए थे संपर्क में.

जनरल नरवणे ने सैनिकों से बातचीत की और उनके ऊंचे मनोबल और प्रेरणा की प्रशंसा की। उन्होंने ड्यूटी के दौरान बहादुरी और समर्पण का परिचय देने वाले जवानों को प्रशस्तिपत्र भी दिया।

बयान के मुताबिक सेना प्रमुख ने कोरोना वायरस की महामारी के खिलाफ चल रही लड़ाई में जवानों की कोशिशों की प्रशंसा की और साथ ही सभी सैनिकों और अधिकारियों से हमेशा परिचालन तैयारियों को चुस्त दुरुस्त रखने को कहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)