चेन्नई, 23 अप्रैल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के परिवार पर कुछ टिप्पणियां करने संबंधी कथित ऑडियो को राज्य के वित्त मंत्री पलानीवेल थिगा राजन द्वारा ‘‘फर्जी’’ बताए जाने के एक दिन बाद रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने जांच की मांग को लेकर राजभवन का रुख किया।
राजन ने शनिवार को उस ऑडियो क्लिप को ‘फर्जी’ बताते हुए खारिज कर दिया, जिसमें उनके द्वारा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री स्टालिन के बेटे और खेल मंत्री उदयनिधि स्टालिन तथा दामाद सबरीसन की कथित संपत्ति के बारे में कुछ ‘‘खुलासा’’ किया गया है।
भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कहा कि वह टेप की ‘‘स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच’’ की मांग करेंगे।
उन्होंने पूर्व में एक बयान में कहा था कि भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल आर एन रवि से रविवार को मुलाकात करेगा और ‘‘ऑडियो फाइल पर स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच की मांग’’ करेगा। इसके बाद भाजपा के कुछ पदाधिकारियों ने राजभवन में राज्यपाल आर एन रवि से मुलाकात की।
अन्नामलाई ने ट्वीट किया, ‘‘प्रदेश भाजपा के नेताओं ने रविवार को राज्यपाल थिरु आर एन रवि से मुलाकात की और राज्य के वित्त मंत्री के ऑडियो टेप की जांच के आदेश देने का अनुरोध किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम दोनों ऑडियो नमूने अदालत की निगरानी वाली जांच एजेंसी को सौंपेंगे, ताकि जांच एजेंसी को दोनों ऑडियो क्लिप की वास्तविक प्रकृति पता लग सके।’’
भाजपा नेता ने कहा कि वह अपनी आवाज का नमूना जमा करेंगे और उम्मीद करेंगे कि राजन भी ऐसा ही करेंगे।
हालांकि, राजन ने ऑडियो क्लिप को ‘‘दुर्भावनापूर्ण और फर्जी’’ बताया और कहा कि कोई भी तकनीक की मदद से ऐसा क्लिप तैयार कर सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY