नयी दिल्ली, 11 मई नागरिक समूह 'इंडिया यूनाइट्स फॉर एनिमल राइट्स' नामक पशु अधिकार समूह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विजय गोयल की ओर से 'कुत्ते द्वारा काटे जाने की घटनाओं' विषय पर आयोजित कार्यक्रम को बाधित करने के आरोपों का खंडन किया है।
विजय गोयल ने आरोप लगाया है कि पशु अधिकार समूह की ओर से कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित एक संगोष्ठी में शामिल होने वाले कुछ लोगों ने उनके कार्यक्रम को बाधित कर उपद्रव किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बुधवार को एक बयान में आरोप लगाया कि पशु जन्म नियंत्रण नियमों पर आयोजित बैठक में शामिल होने वाले लोगों ने जबरदस्ती संगोष्ठी के सभागार में घुसकर हंगामा किया।
इंडिया यूनाइट्स फॉर एनिमल राइट्स ने गोयल के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उसने 10 मई को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब के डिप्टी स्पीकर हॉल में 'शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व: एबीसी की तरह सरल' शीर्षक से एक सत्र आयोजित किया था। सत्र का उद्देश्य सरकार द्वारा हाल ही में अधिसूचित नए पशु जन्म नियंत्रण (एबीसी) नियमों पर चर्चा करना था।
समूह ने कहा, ‘‘ हम आयोजक यह आरोप सुनकर स्तब्ध हैं कि हमारे कार्यक्रम में उपस्थित लोग एक निकटवर्ती कार्यक्रम में जबरन घुस गए। यह पूरी तरह झूठा आरोप है। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY