देश की खबरें | आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री ने 'व्हाट्सएप शासन' कार्यक्रम शुरू किया, 161 सेवाएं उपलब्ध

अमरावती, 30 जनवरी आंध्र प्रदेश के सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने बृहस्पतिवार को 'मन मित्र' नामक व्हाट्सएप शासन सेवा की शुरुआत की। इसके अंतर्गत नागरिकों के लिए 161 सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सरकार का मानना है कि इससे लोगों को दस्तावेज प्राप्त करने के लिए सरकारी कार्यालयों के बार बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

गुंटूर जिले के उन्दवालली में मुख्यमंत्री के आवास पर 'मन मित्र' लॉन्च किया गया।

पहले चरण में ऊर्जा, राजस्व, अन्ना कैंटीन, मुख्यमंत्री राहत कोष और नगर निगम विभागों से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी। दूसरे चरण में और भी सेवाएं पेश की जाएंगी।

लोकेश ने कहा, "हम इसे ऐतिहासिक क्षण मानते हैं। बुनियादी दस्तावेज प्राप्त करने के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों में क्यों आना चाहिए?"

उन्होंने बताया कि इस सेवा की अवधारणा उनके दिमाग में पदयात्रा के दिनों से थी।

आधिकारिक तौर पर, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को इस पहल के विषय में बुधवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक में प्रस्तुति दी गई थी।

मंत्री ने कहा कि पहले चरण में 161 सेवाएं दी जा रही हैं। दूसरे चरण में 360 सेवाएं उपलब्ध होंगी। भविष्य में कुल 520 सेवाएं इस कार्यक्रम के तहत प्रदान की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों का डेटा साइबर अपराधियों के हाथों में न जाए और साइबर सुरक्षा को मजबूत किया जाए।

आंध्र प्रदेश सरकार ने 22 अक्टूबर 2024 को मेटा के साथ व्हाट्सएप के माध्यम से सेवाओं के विस्तार के लिए समझौता किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)