देश की खबरें | ओडिशा में एक बोरवेल में एक नवजात फंसा, बचाव अभियान शुरू कर दिया गया

भुवनेश्वर/संबलपुर (ओडिशा), 12 दिसंबर ओडिशा के संबलपुर में उपयोग में नहीं लिए जा रहे एक बोरवले में मंगलवार को एक नवजात फंस गया जिसके बाद राज्य सरकार ने उसे बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि रंगाली क्षेत्र के लारीपाली गांव में यह बोरवेल करीब 15-20 फुट गहरा है जिसमें ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। पुलिस के अनुसार उसमें फंसे नवजात बच्चे को लेकर किसी ने दावा नहीं किया है।

राज्य के विशेष राहत आयुक्त ने रंगाली से अग्निशनम कर्मियों को तथा झारसागुडा से ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल की एक टीम को बचाव अभियान के लिए मौके पर भेजा है।

ओडिशा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक ज्ञानरंजन दास ने कहा कि कटक के मंडाली से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की एक टीम भी बोरवेल वाले स्थान पर जा रही है।

पुलिस ने कहा कि बच्चे के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों को उसके अंदर फंसे होने का पता चला।

उपयोग में नहीं लाया जा रहा यह बोरवेल गांव के निकट वन में है।

पुलिस ने कहा कि यह पता नहीं चल पाया कि नवजात इस बोरवेल के अंदर कैसे फंस गया।

स्थानीय लोगों को संदेह है कि कोई बच्चे को बोरवेल के अंदर फेंककर चला गया होगा।

संबलपुर के अतिरिक्त जिलाधिकारी प्रदीप साहू ने कहा, ‘‘ बचाव अभियान शुरू हो गया है तथा बोरवेल के अंदर ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। ओडीआरएएफ की टीम ने उसके समानांतर एक गड्ढा खोदा है।’’

उन्होंने आशा जतायी कि शीघ्र ही बच्चे को बाहर निकाल लिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)