तेजपुर (असम), 19 जनवरी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां ऐतिहासिक महाभैरब मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर इसके परिसर में स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
शाह पूर्वोत्तर राज्यों मेघालय और असम की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। वह शाम को शिलांग से यहां पहुंचे और उनका 'गायन और ब्यान' (ड्रम और झांझ के साथ एक धार्मिक नृत्य प्रदर्शन) के साथ पारंपरिक स्वागत किया गया।
गृह मंत्री ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के साथ मंदिर के अंदर पूजा-अर्चना की और बाद में सफाई अभियान के लिए प्रांगण में आए।
शाह को प्रांगण में कई जगहों पर बाल्टी से पानी डालते और वाइपर से इसे साफ करते हुए देखा गया। शर्मा ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया।
हालांकि, शाह ने उनका इंतजार कर रहे मीडियाकर्मियों से बात नहीं की, लेकिन मंदिर परिसर से तेजपुर विश्वविद्यालय के लिए रवाना होने से पहले भीड़ की ओर हाथ हिलाया।
विश्वविद्यालय में राज्य के सांस्कृतिक मामलों के विभाग ने असम के प्रसिद्ध गायक भूपेन हजारिका को समर्पित एक कार्यक्रम आयोजित किया है।
शाह तेजपुर में रात्रि विश्राम करेंगे और शनिवार को यहां सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के 60वें स्थापना दिवस और ढेकियाजुली में ऑल बाथौ महासभा के 13वें त्रिवार्षिक सम्मेलन में शिरकत लेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY