देश की खबरें | अंबानी धमकी मामला : पुलिस ने संदिग्ध की आवाज के नमूने एकत्र किए

मुंबई, सात अक्टूबर मुंबई पुलिस ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की आवाज के नमूने एकत्र किए हैं।

इस व्यक्ति को बृहस्पतिवार को बिहार के दरभंगा जिले से गिरफ्तार किया गया था।

तीस वर्षीय इस व्यक्ति ने दक्षिण मुंबई के सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में बुधवार को कथित तौर पर दो बार फोन कर अस्पताल और उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर 'एंटीलिया' को बम से उड़ाने के अलावा अंबानी परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी थी।

डी बी मार्ग पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक फोन करने वाले व्यक्ति ने यह भी दावा किया था कि पुलवामा हमले और मुंबई आतंकवादी हमले को ‘‘हमने अंजाम दिया।’’

पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक आरोपी व्यक्ति 12वीं पास है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी की आवाज के नमूने फॉरेंसिक लैब में भेजे जाएंगे, ताकि उनका धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग से मिलान किया जा सके।

गौरतलब है कि इस साल अगस्त में एक जौहरी को अस्पताल में फोन करने और उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की कथित धमकी देने के बाद गिरफ्तार किया गया था।

फरवरी 2021 में अंबानी के दक्षिण मुंबई स्थित आवास 'एंटीलिया' के पास विस्फोटकों से लदी एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) मिली थी।

बाद में घटना के सिलसिले में तत्कालीन पुलिस अधिकारी सचिन वाजे समेत कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)