देश की खबरें | आरोपियों ने युवक की हत्या करने के साथ-साथ उसकी मां को भी निर्वस्त्र किया : परिजन ने किया दावा

भोपाल, 28 अगस्त मध्य प्रदेश के सागर जिले में कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किये गए दलित युवक की बहन ने सोमवार को दावा किया कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसकी मां को भी निर्वस्त्र कर दिया था, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

उसके आरोपों के बारे में पूछे जाने पर एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि युवक की मौत के बाद उसके परिवार की शिकायत पर दर्ज की गई प्राथमिकी में इसका कोई जिक्र नहीं है।

कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उस दलित युवक के परिवार से मुलाकात की, जिसकी पिछले बृहस्पतिवार को पुरानी रंजिश के चलते लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

बातचीत के दौरान मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसकी मां को भी निर्वस्त्र कर दिया था, लेकिन इस संबंध में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और अब पुलिस झूठ बोल रही है कि इस बारे में पुलिस को तब बताया नहीं गया था।

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने ‘पीटीआई-’ से बातचीत करते हुए दावा किया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सी पी मित्तल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उस दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)