देश की खबरें | झारखंड में निरुद्ध क्षेत्र के बाहर सभी धार्मिक स्थल खुलेंगे, दुर्गा पूजा घरों, मंदिरों में ही होगी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रांची, एक अक्टूबर झारखंड सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लागू लॉकडाउन में आंशिक छूट देते हुए निरुद्ध क्षेत्र के बाहर आठ अक्टूबर से सभी धार्मिक स्थलों एवं पूजा स्थलों को खोलने की अनुमति दे दी है। साथ ही नवरात्र और दुर्गापूजा पर सिर्फ परंपरा निर्वाह के लिए चार फीट तक की मूर्तियों तथा बिना सज्जा के लघु दुर्गापूजा पंडाल बनाने की अनुमति दी गयी है।

राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह के हस्ताक्षर से गुरुवार को जारी अधिसूचना में पूरे राज्य में आगामी त्योहारों एवं पूजा को देखते हुए आठ अक्टूबर से निरुद्ध क्षेत्र के बाहर सभी धार्मिक स्थलों एवं पूजा स्थलों को खोलने की अनुमति दे दी गयी है लेकिन अन्य प्रतिबंध पहले की तरह ही जारी रखे गये हैं।

यह भी पढ़े | हरियाणा में कोविड-19 के 1,313 नए पॉजिटिव केस आए सामने, राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,29,912 हुई, अब तक 1,402 लोगों की मौत: 1 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

इसके अलावा 31 अकटूबर तक के लिए जारी इस अधिसूचना में निरुद्ध क्षेत्र में पहले की तरह ही लॉकडाउन जारी रहेगा और वहां कोई भी नयी छूट नहीं दी गयी है।

झारखंड सरकार ने निकट भविष्य में नवरात्र, दुर्गापूजा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर राज्य में लॉकडाउन में आंशिक छूट देते हुए निरुद्ध क्षेत्र के बाहर मात्र परंपरा निर्वाह के लिए चार फीट तक की मां दुर्गा एवं अन्य की मूर्तियों के साथ लघु दुर्गापूजा पंडाल बनाने की छूट पूजा आयोजकों को दी है लेकिन तोरणद्वार, बिना विद्युत सज्जा और आदि के बने इन लघु दुर्गापूजा पंडालों में आम लोगों का जाना वर्जित होगा।

यह भी पढ़े | Hathras Gangrape Case: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने हाथरस की घटना को गंभीरता से लेते हुए स्वत: संज्ञान में लिया.

आज जारी अधिसूचना में पूजा स्थलों एवं धार्मिक स्थलों में पूजा, दर्शन आदि के लिए अलग से दिशानिर्देश जारी करने की भी बात कही गयी है।

इतना ही नहीं अधिसूचना में दुर्गा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन जुलूस की भी अनुमति नहीं दी गयी है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि आम लोगों को दुर्गा पूजा अपने घरों अथवा मंदिरों में ही करनी होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)