नयी दिल्ली, 16 सितंबर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएसए) ने शनिवार को दावा किया कि दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के एक छात्र का अपहरण कर लिया गया है और कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में ‘बाहरी लोगों’ को देखा गया।
इस मामले पर डीयू प्रशासन या दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
छात्र संगठन ने बयान जारी कर कहा, ‘‘आज दो खतरनाक घटनाएं देखी गईं। सबसे पहले, एक व्यक्ति को केएमसी (किरोड़ी मल) कॉलेज में बंदूक लिए देखा गया था और दूसरा, एक आइसा कार्यकर्ता एवं डीयू के छात्र - अमन - का दौलत राम कॉलेज के बाहर से अपहरण कर लिया गया।’’
आइसा ने कहा कि डीयू परिसर के अंदर बंदूक लिए एक अज्ञात व्यक्ति की मौजूदगी के बावजूद, कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों ने मामले में कोई कार्रवाई शुरू नहीं की।
बयान में कहा गया है, ‘‘हाथ में बंदूक लिए व्यक्ति को विश्वविद्यालय परिसर से नहीं हटाया गया, न ही उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की गई। ऐसी घटनाएं दिल्ली पुलिस और डीयू प्रशासन की नाक के नीचे हो रही हैं।’’
इसमें कहा गया है कि आइसा कार्यकर्ता एवं डीयू छात्र को काले रंग की एक कार में अपहृत कर लिया गया और वाहन के अंदर पीटा गया। वाहन के शीशे पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पोस्टर लगे हुए थे।
छात्र संगठन ने कहा कि इस मामले पर मौरिस नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY