देश की खबरें | गुजरात में जल्द बनेंगे हवाई जहाज : प्रधानमंत्री मोदी

राजकोट, 19 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि गुजरात में जल्द ही हवाई जहाजों का निर्माण होगा और राज्य के राजकोट में इनके कलपुर्जे बनेंगे।

मोदी ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए घरों सहित कई परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद राजकोट शहर के रेसकोर्स इलाके में एक सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।

प्रधानमंत्री इस समय गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

मोदी ने अपने संबोधन के दौरान राजकोट जिले में अभियांत्रिकी उद्योग की प्रशंसा करते हुए कहा, '' गुजरात में जल्द हवाई जहाजों का निर्माण होगा और उनके कलपुर्जे राजकोट में बनेंगे।''

प्रधानमंत्री ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ नेताओं ने राजनीति में आने के बाद अपने लिए बंगले बनाए, लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया।

उन्होंने कहा, ''वे राजनीति में आए और अपने बंगले बनाए, लेकिन झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों की स्थिति में सुधार के बारे में कभी नहीं सोचा। मैंने गरीबों के लिए घर बनाने का काम शुरू किया है।''

इस मौके पर उन्होंने 'लाइट हाउस' परियोजना के तहत बने करीब 1100 मकान लाभार्थियों को सौंपे।

रैली को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री ने हवाई अड्डे से रेसकोर्स ग्राउंड तक रोड शो भी किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)