नयी दिल्ली, 10 अप्रैल एअर इंडिया ने दिल्ली-लंदन उड़ान के कैबिन क्रू सदस्यों को शारीरिक चोट पहुंचाने के आरोप में एक अशिष्ट व्यक्ति को सोमवार सुबह विमान से उतार दिया। विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद यात्री को उतारने के लिए राष्ट्रीय राजधानी लौट आया और इसने करीब तीन घंटे बाद फिर से उड़ान भरी।
यहां पुलिस ने बताया कि बीच हवा में हंगामा करने वाले यात्री ने विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश की थी तथा जब चालक दल की दो सदस्यों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उनसे मारपीट की।
पुलिस ने बताया कि जसकीरत सिंह (25) ने चालक दल के सदस्यों से गाली-गलौज की और उनमें से एक महिला कर्मी की गर्दन पर वार किया जिससे वह फर्श पर गिर पड़ी। इसके बाद उसने चालक दल की सदस्य के बाल खींचे और एक अन्य सदस्य के चेहरे पर वार किया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सिंह को चालक दल के अन्य सदस्यों और यात्रियों की मदद से काबू में किया गया तथा विमान को वापस दिल्ली लाया गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद यात्री को विमान से उतारा गया और फिर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) देवेश कुमार महला ने कहा कि 12वीं कक्षा तक पढ़ाई करने वाले सिंह से जब पूछा गया कि उसने ऐसा क्यों किया तो उसने जवाब दिया, ‘‘मन खराब था।’’
उन्होंने बताया कि पंजाब के कपूरथला का रहने वाला जसकीरत सिंह और उसका पिता पहली बार विदेश जा रहे थे तथा लंदन पहुंचने के बाद उनकी सिंह की बहन से मिलने कनाडा जाने की योजना थी।
महला ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली और जसकीरत सिंह को हिरासत में ले लिया गया तथा मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता तथा विमान नियम, 1937 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एअर इंडिया की उड़ान एआई-111 ने दिल्ली से सुबह छह बजकर 35 मिनट पर लंदन के लिए उड़ान भरी थी। करीब एक घंटे बाद सिंह को विमान का एक दरवाजा खोलने की कोशिश करते हुए पाया गया।
उन्होंने बताया कि चालक दल की एक सदस्य ने अपनी सहकर्मी के साथ उसे रोकने की कोशिश की लेकिन उसने उन्हें मारने की धमकी दी तथा ‘‘अमर्यादित ’’ का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह उग्र हो गया तथा उसने चालक दल की दोनों सदस्यों पर हमला कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY