देश की खबरें | दुनियाभर की ‘खाने की मेज’ पर किसी न किसी भारतीय खाद्य उत्पाद की मौजूदगी का लक्ष्य रखें: मोदी

लखनऊ, 19 फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को यहां चौथे ‘ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह’ में अपने संबोधन के दौरान ‘काला नमक’ और ‘काला’ चाव का जिक्र करते हुए दुनियाभर की ‘खाने की मेज’ पर किसी न किसी भारतीय खाद्य उत्पाद की मौजूदगी सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कृषि क्षेत्र में नए रास्ते तलाशने में किसानों का समर्थन करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्यमियों से विशेष आग्रह करूंगा कि आपको ‘जीरो इफेक्ट, जीरो डिफेक्ट’ के मंत्र पर काम करना चाहिए। आपको एक ही ध्येय के साथ काम करना चाहिए कि दुनियाभर की खाने की मेज (डायनिंग टेबल) पर कोई न कोई भारतीय खाद्य उत्पाद जरूर हो।’’

उन्होंने सिद्धार्थ नगर के ‘काला नमक’ चावल और चंदौली के ‘काला’ चावल जैसे उत्पादों की सफलता की कहानियों पर प्रकाश डालते हुए दुनियाभर में खाने की मेज पर भारतीय खाद्य उत्पादों की मौजूदगी के एक सामान्य लक्ष्य की दिशा में काम करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उप्र में गंगा नदी के किनारे बड़े पैमाने पर प्राकृतिक खेती की जा रही है जो कम लागत में अधिक लाभ देने वाली खेती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से गंगा जी जैसी हमारी पावन नदियों का जल भी दूषित होने से बच गया।

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में गंगा के किनारे बड़े पैमाने पर की जा रही प्राकृतिक खेती का हवाला देते हुए प्राकृतिक खेती और मोटे अनाज पर ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया, जिससे न केवल किसानों को लाभ होता है बल्कि पवित्र नदियों की शुद्धता को बनाए रखने में भी मदद मिलती है।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने यहां आयोजित विभिन्न उद्योग समूहों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ और अवलोकन किया। इस दौरान उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को भगवान गणेश की मूर्ति भेंट करके उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

जफर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)