सेलम, 28 फरवरी तमिलनाडु सरकार द्वारा पांच मार्च को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में मुख्य विपक्षी पार्टी अन्नाद्रमुक शामिल होगी और विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखेगी। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई.के. पलानीस्वामी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पलानीस्वामी ने यहां एक रक्तदान शिविर का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि अन्नाद्रमुक के दो प्रतिनिधि चेन्नई में होने वाली सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेंगे और बैठक में पार्टी के रुख के बारे में विस्तार से बताएंगे।
अन्नाद्रमुक ने पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की 77वीं जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने 45 दलों के नेताओं को बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी पीएमके ने भी इस महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने की घोषणा की है।
राज्य के अधिकांश राजनीतिक दलों को आशंका है कि संसदीय क्षेत्र परिसीमन से राज्य में सीटें कम हो जाएंगी।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने बैठक की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘लोकसभा परिसीमन प्रक्रिया पर चर्चा के लिए पांच मार्च को सर्वदलीय बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया है। तमिलनाडु को आठ सीटें (वर्तमान में 39 सीट) खोने का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि राज्य ने परिवार नियोजन कार्यक्रम को सफलतापूर्वक लागू किया है, जिसके कारण जनसंख्या पर नियंत्रण हुआ है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY