देश की खबरें | अन्नाद्रमुक ने सात पदाधिकारियों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित किया

चेन्नई, आठ फरवरी तमिलनाडु में सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक ने सोमवार को कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए एक जिला उप सचिव सहित अपने सात पदाधिकारियों को हटाने की घोषणा की।

अन्नाद्रमुक के समन्वयक ओ पन्नीरसेल्वम और संयुक्त समन्वयक के. पलानीस्वामी ने सात लोगों के खिलाफ इस कार्रवाई का कोई कारण निर्दिष्ट नहीं किया, लेकिन संदेह है कि वे अन्नाद्रमुक से निष्कासित नेता वी. के. शशिकला के बेंगलुरु में अग्रहारा केंद्रीय जेल से सजा काटने के बाद तमिलनाडु लौटने पर उनका स्वागत करने में शामिल थे।

अन्नाद्रमुक की ओर से जारी एक बयान में दोनों नेताओं ने कहा कि तिरुवल्लूर और कृष्णागिरि जिलों के इन सात सदस्यों को सभी पदों के साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से हटाया जा रहा है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके साथ कोई संबंध नहीं रखने की चेतावनी दी।

पलानीस्वामी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और पन्नीरसेल्वम उप मुख्यमंत्री हैं।

इससे पहले, शशिकला के तमिलनाडु लौटने पर उनका एक भव्य स्वागत किया गया। वह 66.6 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति मामले में बेंगलुरू में जेल की सजा पूरी करने के कुछ दिनों बाद राज्य लौटी थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)