देश की खबरें | अन्नाद्रमुक ने पार्टी पदाधिकारी की गिरफ्तारी की आलोचना की, सेंथिल को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग

चेन्नई, 17 जून अन्नाद्रमुक महासचिव के. पलानीस्वामी ने अपनी पार्टी की आईटी शाखा के पदाधिकारी की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार को तमिलनाडु सरकार की निंदा की।

अन्नाद्रमुक महासचिव ने दावा किया कि विपक्ष के नेता रहते हुए मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन द्वारा पूर्व में मंत्री वी. सेंथिल बालाजी पर व्यक्त की गई टिप्पणियों से संबंधित एक सोशल मीडिया पोस्ट को साझा करने पर यह गिरफ्तारी हुई है।

सेंथिल बालाजी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया था।

पलानीस्वामी ने राज्य सरकार से सेंथिल बालाजी को मंत्रिमंडल से हटाने की भी मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने एक बयान में कहा, ‘‘अगर किसी मंत्री को, जिसे गिरफ्तार किया गया है, कैबिनेट में बने रहने की अनुमति दी जाती है तो यह शर्मनाक होगा। यह एक भूल होगी, जो मिसाल बन सकती है। राजनीतिक शालीनता को देखते हुए सेंथिल को तुरंत मंत्रिपरिषद से हटा दिया जाना चाहिए।’’

पार्टी पदाधिकारी की गिरफ्तारी पर पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘अन्नाद्रमुक आईटी प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता गौतम ने जो एकमात्र अपराध किया, वह किसी के सोशल मीडिया पोस्ट को साझा करना था, जो स्टालिन ने सेंथिल को लेकर तब कहा था जब वह (स्टालिन) विपक्ष के नेता थे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)