देश की खबरें | अहमदाबाद पुल कार हादसा: पुलिस ने दाखिल किया आरोप पत्र

अहमदाबाद, 27 जुलाई अहमदाबाद यातायात पुलिस ने गत 20 जुलाई को शहर के एक फ्लाईओवर पर भीड़ पर गाड़ी चढ़ाने के मामले में 20 वर्षीय तथ्य पटेल के खिलाफ बृहस्पतिवार को 1,700 पन्नों का आरोप पत्र दाखिल किया।

इस दुर्घटना में नौ लोग मारे गए थे और कम से कम 13 लोग घायल हुए थे।

अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त प्रेमवीर सिंह ने कहा कि घटना के एक सप्ताह के भीतर जिला अदालत में दाखिल आरोप पत्र में अन्य वस्तुओं के साथ ही कार कंपनी जगुआर की ओर से भेजी गई रिपोर्ट भी शामिल है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि जिस वक्त कार लोगों पर चढ़ी, उसकी गति अत्यधिक तेज थी।

सिंह ने कहा कि आरोप पत्र में कम से कम 180 गवाहों के बयान और एक डीएनए रिपोर्ट भी है जिससे यह साबित किया जा सके कि तथ्य पटेल ही जगुआर एसयूवी चला रहा था।

अहमदाबाद शहर में 20 जुलाई को तेज गति से जा रही एक कार देर रात एक दुर्घटनास्थल पर खड़ी भीड़ में घुस गई थी जिससे एक कांस्टेबल सहित नौ लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए थे।

घटना के वक्त पटेल गाड़ी चला रहा था और वह भी घायल हो गया था। पुलिस ने उसे उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)