खटकड़ कलां(पंजाब), 28 सितंबर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार नए कृषि कानूनों को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देगी।
सिंह ने यहां संवाददाताओं से यह भी कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी, आईएसआई किसानों के असंतोष का फायदा उठा सकती है और सीमावर्ती राज्य पंजाब में गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश कर सकती है।
उन्होंने शहीद भगत सिंह नगर जिला स्थित खटकड़ कलां गांव में शहीद ए आजम को उनकी 113वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस महासचिव एवं पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी मौजूद थे।
अमरिंदर सिंह, रावत तथा अन्य ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ यहां धरना भी दिया।
मुख्यमंत्री ने एक सभा को संबोधित करते हुए नए कानूनों को लेकर केंद्र की निन्दा की और कहा कि ये किसान समुदाय को ‘‘नष्ट’’ कर देंगे।
सिंह ने कहा, ‘‘मैं कह चुका हूं कि हम इस मामले को आगे ले जाएंगे। राष्ट्रपति ने इन विधेयकों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और अब हम इस मामले को उच्चतम न्यायालय ले जाएंगे।’’
उन्होंने आगाह किया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी किसानों के असंतोष का फायदा उठा सकती है और सीमावर्ती राज्य पंजाब में गड़बड़ी उत्पन्न कर सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आईएसआई हमेशा इस ताक में रहती है कि वह कब, कहां और किसको बंदूक, बम तथा ग्रेनेड थमा सकती है। वह शुरू से ही ऐसा कर रही है। हमारी सरकार में पिछले साढ़े तीन साल के दौरान हमने लगभग 150 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है और लगभग 700 हथियार जब्त किए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में शांति रही है, लेकिन जब आप किसी का खाना छीनते हो तो क्या वह गुस्सा नहीं होगा? ऐसा व्यक्ति आईएसआई का पसंदीदा बन जाता है। इसीलिए मैं कह रहा हूं कि उन्होंने जो किया है, वह राष्ट्र विरोधी है।’’
सिंह ने बाद में मीडिया से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी कृषि विधेयकों के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘हम उनसे अपने साथ जुड़ने का आग्रह करने जा रहे हैं। वह हर रोज ट्वीट और बयानों के जरिए कह रहे हैं कि सरकार ने जो किया है, वह किसानों के साथ फर्जीवाड़ा है। वह निश्चित तौर पर हमारे साथ जुड़ेंगे।’’
राजग से अलग हुए शिरोमणि अकाली दल की निन्दा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अकाली दल को अब नुकसान ही नुकसान है। आप उन्हें सब कुछ गंवाते हुए देखेंगे। वे कोई और तरीका अपनाने की कोशिश करेंगे, लेकिन यह काम नहीं करेगा क्योंकि एक बार जब आप लोगों को धोखा दे देते हैं तो कोई भी आप पर विश्वास नहीं करेगा।’’
इससे पहले, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों की लड़ाई लड़ेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY