आगरा(उप्र),12 दिसंबर आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या करने और शव जलाकर, राख नदी में बहाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से पीड़िता के ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं। पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार की रात की है और पीड़िता के परिवार को मंगलवार सुबह जानकारी मिली।
पुलिस ने बताया कि पुलिस दल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और अवशेष बरामद कर जांच के लिए भेजा।
पुलिस ने पीड़िता के परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के हवाले से बताया कि नगला रम्बला की रहने वाली देवी की शादी करीब 12 साल पहले राजन सिंह से हुई थी और दंपति की कोई संतान नहीं थी।
परिजनों का आरोप है कि संतान नहीं होने की वजह से ससुराल पक्ष के लोग देवी का उत्पीड़न करते थे और राजन भी दूसरी शादी करना चाहता था।
परिजनों का आरोप है सोमवार की रात पति राजन और ससुरालियों ने मिलकर देवी की गला घोंटकर हत्या कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि रात को ही वे शव को दो किलोमीटर दूर करबन नदी के किनारे ले गए और जलाने के बाद राख नदी में बाहकर फरार हो गए।
एसीपी, एत्मादपुर सौरभ सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY