देश की खबरें | मिंटो रोड पर जलभराव के लिए एजेंसियों ने एक-दूसरे पर मढ़ी जिम्मेदारी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 19 जुलाई राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को भारी बारिश के बाद मिंटो ब्रिज के नीचे भारी जलभराव के लिए एजेंसियों ने जिम्मेदारी एक-दूसरे के सिर मढ़ी। इसी स्थान पर डूबने से 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।

उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने मिंटो रोड पर जलभराव स्थल का दौरा किया और आरोप लगाया कि हर साल यही स्थिति होती है क्योंकि दिल्ली सरकार ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया।

यह भी पढ़े | Earthquake in Satara: महाराष्ट्र के सतारा में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.5 रही तीव्रता.

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक अधिकारी ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर दिल्ली जल बोर्ड की मुख्य सीवर लाइन में अवरोध शायद जलभराव का कारण हो सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि पानी मुख्य नली से बाहर आया और पुल के नीचे जमा हो गया, क्योंकि यह एक निचला इलाका है।’’

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र के सतारा में भूकंप के झटके, तीव्रता 3.5 मापी गई: 19 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी घटना की जांच करेगा और जल्द ही रिपोर्ट तैयार करेगा।

हालांकि, डीजेबी के एक प्रवक्ता ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर जल इकाई की 2,400 मिमी की सीवर लाइन में कोई अवरोध नहीं है।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘डीजेबी की पांच सदस्यीय टीम ने दिन में स्थल का निरीक्षण किया। यह पाया कि सीवर सुचारू रूप से चल रहा था।’’

गौरतलब है कि भारी बारिश के बाद मिंटो ब्रिज के नीचे पानी भर गया, जहां 56 वर्षीय पिक-अप ट्रक के चालक की अपनी गाड़ी को निकालने की कोशिश में डूबने से मौत हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)