देश की खबरें | महिला के साथ वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने जिलाध्यक्ष को हटाया

मुंबई, 12 जुलाई महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने सोलापुर जिलाध्यक्ष श्रीकांत देशमुख का वह वीडियो सामने आने के बाद उन्हें पद से हटा दिया है, जिसमें वह कथित तौर पर एक महिला के साथ दिखाई दे रहे हैं। एक पार्टी नेता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने "जबरन वसूली" की देशमुख की शिकायत पर महिला के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष चित्रा वाघ ने कहा, ‘‘श्रीकांत देशमुख से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है और उनके इस्तीफे के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने उन्हें हटा दिया है।’’

वाघ ने कहा कि वीडियो क्लिप में दिख रही महिला को आगे आकर पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘उचित कार्रवाई की जाएगी।’’

वीडियो क्लिप रिकॉर्ड करने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि देशमुख का उनके साथ प्रेम प्रसंग था लेकिन उन्होंने उसे धोखा दिया।

इस बीच, मुंबई पुलिस ने दो दिन पहले देशमुख की शिकायत पर, वीडियो में दिख रही महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

अधिकारी ने कहा कि देशमुख ने कहा था कि मुंबई के ओशिवारा की रहने वाली 32 वर्षीय एक महिला द्वारा उन्हें ‘फंसाया’’ गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)