देश की खबरें | लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद सीट बंटवारे को लेकर लड़ने लगेंगे ‘‘इंडिया’’ गठबंधन में शामिल दल : राणे

इंदौर (मध्यप्रदेश), 26 सितंबर केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने मंगलवार को कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की टक्कर का एक भी नेता नहीं है और इस गठजोड़ में शामिल पार्टियां अगला लोकसभा चुनाव घोषित होते ही सीटों के बंटवारे को लेकर लड़ने लगेंगी।

राणे ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,‘‘मोदी के नेतृत्व ने भारत को दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करा दिया है। उनका मुकाबला करने के लिए विपक्षी गठबंधन के पास एक भी नेता नहीं है।’’

उन्होंने कहा,"इंडिया गठबंधन के दल अभी भले ही इकट्ठे हो गए हैं, लेकिन जैसे ही लोकसभा चुनाव की घोषणा होगी, उनमें सीटों के बंटवारे को लेकर झगड़ा शुरू हो जाएगा।’’

राणे सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री है। वह सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए विभाग की ओर से आयोजित परिचर्चा व प्रदर्शनी में भाग लेने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।

राणे ने एक सवाल पर कहा कि संसद से पारित नारी शक्ति वंदन विधेयक लागू कराने में केंद्र सरकार की ओर से कोई देर नहीं की जा रही।

उन्होंने कहा कि इस विधेयक को लागू करने की तय प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और 2029 में अमल में आ जाएगा।

नारी शक्ति वंदन विधेयक में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण का प्रावधान नहीं किए जाने को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस के हमलों पर राणे ने पलटवार किया।

उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस किसी न किसी बहाने से इस विधेयक पर अंगुली उठा रही है। यह पार्टी केवल विवाद खड़ा करने की बात करती है। देश में लम्बे समय तक कांग्रेस की सरकार रही, तो उसने ओबीसी महिलाओं को आरक्षण क्यों नहीं दिया?’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)