देश की खबरें | ‘आदिपुरुष’ विवाद: किसी को भी लोगों की भावनाएं आहत करने का अधिकार नहीं-अनुराग ठाकुर

मुंबई, 19 जून हाल ही में रिलीज हुई फिल्म "आदिपुरुष" को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा कि किसी को भी लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है और फिल्म के लेखक और निर्देशक हंगामे के बाद कुछ बदलाव करने के लिए तैयार हो गए हैं।

रामायण पर आधारित एवं ओम राउत द्वारा निर्देशित फिल्म "आदिपुरुष" का इसके संवाद, खराब वीएफएक्स और कुछ पात्रों के विवादास्पद चित्रण के कारण विरोध किया जा रहा है।

विवादास्पद फिल्म पर केंद्र सरकार का रुख पूछे जाने पर ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘किसी को भी दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है। सीबीएफसी (केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड) ने इस मुद्दे पर फैसला लिया है। यह उनका काम है।’’

हालांकि, उन्होंने सीबीएफसी के फैसले के बारे में विस्तार से नहीं बताया।

मंत्री ने कहा, ‘‘फिल्म के लेखक और निर्देशक ने भी कहा है कि वे (विवाद के बाद) जरूरी बदलाव करेंगे।’’

प्रभास, कृति सैनॉन, सैफ अली खान और सनी सिंह अभिनीत 3डी फिल्म 16 जून को देशभर में रिलीज हुई थी।

इसके हिंदी संवाद लेखक मनोज मुंतशिर शुक्ला ने रविवार को कहा था कि निर्माताओं ने "कुछ संवादों को संशोधित करने" का फैसला किया है और संशोधित पंक्तियों को इस सप्ताह तक फिल्म में जोड़ दिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)