उन्होंने कहा कि चीन जैसे ताकतवर देश भी अपनी पूरी आबादी का टीकाकरण नहीं कर सका लेकिन भारत ने अपने लोगों को टीकों की 200 करोड़ खुराक दी।
उन्होंने कहा, ‘‘मास्क, सैनेटाइजर और टीकाकरण के मामले में भारत आत्मनिर्भर हुआ है।’’
वैश्य ने कहा कि 2014 में देश का प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने पूर्वोत्तर के राज्यों को अपनी प्राथमिकता के केंद्र में रखने की घोषणा की थी और पिछले नौ सालों में उन्होंने ऐसा करके भी दिखा दिया।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले जहां इस क्षेत्र में कैंसर का केवल एक अस्पताल था आज वहां नौ अस्पताल हैं और 10वां बनने की ओर अग्रसर है।
भाजपा के घनश्याम तिवाड़ी ने भारत जोड़ो यात्रा निकालने के लिए कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि भारत तो पहले से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अल्पसंख्यकों और बहुसंख्यकों के बीच विभाजन की खाई को पैदा करने का काम कांग्रेस ने आजादी से पहले किया था और इसी के फलस्वरूप 1947 में देश का विभाजन हुआ।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में मोदी सरकार के दौरान अभूतपूर्व काम हुए हैं और नयी शिक्षा नीति आने के साथ इसकी गुणवत्ता में और भी सुधार देखने को मिलेगा।
समाजवादी पार्टी की जया बच्चन ने महिलाओं, सफाई कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान की बात उठाई और कहा कि इस दिशा में राष्ट्रपति के अभिभाषण में कोई ठोस उल्लेख नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस देश में बहनें और बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं है उस देश को अपने आपको को प्रगतिशील कहने का कोई हक नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि महिलाएं सम्मान के साथ कैसे जिएं इस बारे में सरकार क्या करने जा रही है, इसका अभिभाषण में कोई उल्लेख नहीं है।
उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान की खामियां गिनाई और निर्भया कोष का जिक्र कर केंद्र सरकार की महिला सुरक्षा नीति को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया।
बच्चन ने सरकार पर देश के कला जगत से जुड़े लोगों का सम्मान ना करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने पंडित रविशंकर, लता मंगेशकर, पंडित भीमसेन जोशी, एम एफ हुसैन, पृथ्वीराज कपूर, दिलीप कुमार जैसे कला जगत से जुड़े कलाकारों का उल्लेख किया और उन्हें भारत का राजदूत करार देते हुए कि इन सभी ने देश को गौरवांवित किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को इन कलाकारों के सम्मान में भी कुछ करना चाहिए।
उन्होंने सरकार से मांग की कि नए संसद भवन में सिर्फ नेताओं की प्रतिमाएं ही ना लगाई जाएं बल्कि उपरोक्त महान कलाकारों को भी स्थान दिया जाए।
उन्होंने जाति आधरित जनगणना की बात उठाई और सरकार से मांग की सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए वह जल्द से जल्द इसे करवाए।
भाजपा के रामचंद्र जांगड़ा ने सामाजिक न्याय के क्षेत्र में मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख किया और कहा कि इस सरकार में समाज के हर वर्ग के साथ न्याय किया गया है।
इस कड़ी में उन्होंने पंच तीर्थ योजना, आवास योजना, उल्लवला गैस योजना सहित केंद्र सरकार की अन्य योजनाओं का विशेष उल्लेख किया।
राकांपा की फौजिया खान ने कहा कि ऐसी खबर है कि चीन सीमा पर बुनियादी ढांचे विकसित कर रहा है और ब्रह्मपुत्र नदी पर कई बांधों का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन बांधों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ किया जा सकता है।
झामुमो की महुआ माझी ने झारखंड में झरिया की खानों में दशकों से लगी आग का मुद्दा उठाया और सरकार से इस पर गौर करने की मांग की। उन्होंने झारखंड में स्थित अडाणी पावर संयंत्र का जिक्र करते हुए कहा कि उस संयंत्र से राज्य को बिजली नहीं दी गई जबकि वहां पैदा हो रही बिजली विदेश में बेची जा रही है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि यह सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ काम रही है और यह सरकारी आंकड़ों में भी परिलक्षित होता है।
कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि देश पर 70 सालों तक शासन करने वाली पार्टी को भारत के ही आंकड़ों पर भरोसा नहीं है।
उन्होंने प्रधानमंत्री संग्रहालय, वीर बाल दिवस, विभाजन विभीषिका दिवस आदि मनाए जाने जैसे फैसलों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘जिस पर पूरा देश गर्व करता है, उस पर कांग्रेस गर्व नहीं करती है।’’
यादव ने कहा कि 2014 से पहले नीतिगत पंगुता की स्थिति थी लेकिन मोदी जब से देश के प्रधानमंत्री बने हैं, उन्होंने इससे देश को छुटकारा दिलाया और देश को विकास के रास्ते पर ले गए।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में सरकार के कामों की वजह से अर्थव्यवस्था ने रफ्तार पकड़ी है, डिजिटलाइजेशन से देश में पारदर्शिता का एक मॉडल बना है, बुनियादी अवसंरचनाओं पर भारी निवेश हुआ है।
चर्चा में यूपीपी (एल) के रवंगवरा नारजारी भाजपा के बृजलाल, घनश्याम तिवाड़ी, पवित्रा मार्गरिटा, इंदुबाला गोस्वामी, जगेश और एस फान्गनॉन कोन्याक, बसपा के रामजी, झामुमो की महुआ माझी ने भी भाग लिया
चर्चा के बाद सभापति धनखड़ ने घोषणा की कि कल दोपहर दो बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चर्चा का जवाब देंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY