जरुरी जानकारी | अडाणी ट्रांसमिशन का केपीटीएल के साथ अलीपुरद्वार ट्रांसमिशन खरीदने के लिये समझौता

नयी दिल्ली, छह जुलाई अडाणी ट्रांसमिशन ने सोमवार को कहा कि उसने अलीपुरद्वार ट्रांसमिशन लिमिटेड के अधिग्रहण के लिये कल्पतरु पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड (केपीटीएल) के साथ समझौता किया है।

अडाणी ट्रांसमिशन लिमिटेड ने शेयर बाजारों को भेजी नियामकीय सूचना में कहा है कि इस अधिग्रहण के लिये कुल मूल्य 1,286 करोड़ रुपये लगाया गया है।

यह भी पढ़े | देश में कोरोना रिकवरी रेट 60.77 प्रतिशत हुआ, तेजी से ठीक हो रहे संक्रमित, अब तक 4 लाख से ज्यादा मरीजों ने जीती जंग.

उसने कहा कि कंपनी के इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण 10 रुपये प्रति शेयर के अंकित मूल्य पर किया गया है।

अडाणी ट्रांसमिशन ने कहा है कि अलीपुरद्वार ट्रांसमिशन पश्चिम बंगाल और बिहार मं 650 सर्किट किलोमीटर की ट्रांसमिशन लाइनों का परिचालन करती है। उसने कहा, ‘‘इस अधिग्रहण के साथ ही अडाणी ट्रांसमिशन लिमिटेड का कुल नेटवर्क 15,400 सर्किट किलोमीटर तक पहुंच जायेगा। इसमें से 12,200 किलोमीटर से अधिक (इस संपत्ति को मिलाकर) परिचालन में हैं जबकि 3,200 सर्किट किलोमीटर निर्माण के विभिन्न चरणों में है।’’

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बदला गया यात्रा भत्ता से जुड़ा ये नियम, अब नहीं होना पड़ेगा परेशान.

अडाणी ट्रांसमिशन के प्रबंध निदेशक और सीईओ अनिल सरदाना ने कहा, ‘‘अलीपुरद्वार ट्रांसमिशन लिमिटेड के अधिग्रहण से अडाणी ट्रांसमिशन की देशभर में उपस्थिति बढ़ेगी और साथ ही यह देश में निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी ट्रांसमिशन कंपनी के तौर पर और मजबूत होगी।’’

यह अधिग्रहण सभी नियामकीय मंजूरियों और अन्य सहमतियों के पूरा होने पर दो माह में पूरा हो सकता है। ‘‘इस संपत्ति के अडाणी समूह में आने से अडाणी ट्रांसमिशन 2022 तक 20,000 सर्किट किलोमीटर का लक्ष्य हासिल करने के और करीब पहुंचेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)