जरुरी जानकारी | अडाणी पोर्ट्स का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 76.87 प्रतिशत बढ़कर 2,014.77 करोड़ रुपये

नयी दिल्ली, दो मई अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) का जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 76.87 प्रतिशत बढ़कर 2,014.77 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

कंपनी ने इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 1,139.07 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था।

एपीएसईजेड ने बीएसई को दी सूचना में बताया कि देश की सबसे बड़ी एकीकृत लॉजिस्टिक्स कंपनी की वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में एकीकृत कुल आय बढ़कर 7,199.94 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 6,178.35 करोड़ रुपये थी।

आलोच्य तिमाही में कुल व्यय बढ़कर 4,450.52 करोड़ रुपये हो गया, जो एक वर्ष पूर्व इसी तिमाही में 3,995 करोड़ रुपये था।

एपीएसईजेड के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अश्विनी गुप्ता ने कहा, ‘‘ एपीएसईजेड ने माल ढुलाई, राजस्व और कर पूर्व आय पर वित्त वर्ष की शुरुआत में दिए गए अपने ऊपरी लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन किया है।’’

कंपनी ने एक बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 में एपीएसईजेड ने देश के कुल माल ढुलाई का 27 प्रतिशत और कंटेनर कार्गो का 44 प्रतिशत संभाला।

वित्त वर्ष 2023-24 में एपीएसईजेड की घरेलू माल ढुलाई में सालाना आधार पर 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)