देश की खबरें | राजकीय सम्मान के साथ किया गया अभिनेता उत्तम मोहंती का अंतिम संस्कार

भुवनेश्वर, 28 फरवरी लोकप्रिय उड़िया अभिनेता उत्तम मोहंती के पार्थिव शरीर का शुक्रवार को यहां सत्य नगर श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर उनके सैकड़ों प्रशंसक मौजूद थे।

‘उत्तम मोहंती अमर रहें’ के नारों के बीच अभिनेता के बेटे और सुपरस्टार बाबूशन ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। इससे पहले, उन्हें राजकीय सम्मान के तहत ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

उनका नयी दिल्ली के एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार रात को निधन हो गया था। वह 66 वर्ष के थे।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देशानुसार शहर पुलिस ने अभिनेता के अंतिम संस्कार के लिए व्यापक व्यवस्था की थी।

इससे पहले, एक समारोह में भाग लेने के लिए पुरी आए माझी ने यहां मोहंती के जगन्नाथ विहार स्थित आवास पर पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनकी पत्नी अपराजिता मोहंती से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक नंता नारायण जेना ने भी पार्टी की ओर से मोहंती के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।

यकृत संबंधी बीमारी के कारण तबीयत बिगड़ने पर मोहंती को आठ फरवरी को नयी दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार रात पौने 11 बजे उनका निधन हो गया।

मोहंती के परिवार में उनकी पत्नी व दिग्गज अभिनेत्री अपराजिता मोहंती और उनके पुत्र व अभिनेता बाबूशन मोहंती हैं।

मयूरभंज जिले के बारीपदा शहर में जन्मे और पले-बढ़े मोहंती ने 135 उड़िया व 30 बांग्ला फिल्मों में अभिनय किया।

अपने शानदार करियर के दौरान उन्होंने कई पुरस्कार जीते, जिनमें उड़िया सिनेमा में उनके योगदान के लिए जयदेव पुरस्कार (1999), ओडिशा लिविंग लीजेंड पुरस्कार (2012) और कई ओडिशा राज्य फिल्म पुरस्कार शामिल हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, ओडिशा के राज्यपाल हरिबाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मांझी, नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक समेत कई हस्तियों ने मोहंती के निधन पर शोक व्यक्त किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)