बेंगलुरु, आठ जुलाई फिल्म अभिनेता सुदीप संजीव ने फिल्म निर्माताओं एम. एन. कुमार और एम. एन. सुरेश को दस करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है।
सुदीप संजीव को ‘‘किच्चा सुदीप’’ के नाम से भी जाना जाता है।
सुदीप ने अपनी फिल्म ‘ईगा’ (हिंदी में मक्खी) के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है। उन्होंने सी. वी. नागेश एसोसिएट्स के जरिये कुमार और सुरेश को कानूनी नोटिस भेजा।
सुदीप ने कुमार के साथ चार फिल्में ‘रंगाएलसी’, ‘काशी फ्रॉम विलेज’, ‘मुकुंद मुरारी’ और ‘माणिक्य’ बनाई हैं।
नोटिस में कहा गया है कि तीन जुलाई को कुमार ने ‘कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स’ में एक प्रेस वार्ता आयोजित की, जिसे फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से प्रसारित किया गया। इसे व्हाट्सएप के जरिये भी प्रसारित किया गया।
नोटिस के अनुसार कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया था कि सुदीप ने एक फिल्म में काम करने के लिए अग्रिम राशि के रूप में कुछ पैसे लिए थे और बाद में उन्हें पूरी राशि का भुगतान कर दिया गया था।
नोटिस में कहा गया है कि इसके अलावा, कुमार ने दावा किया कि उन्होंने ‘सुदीप के आग्रह के आधार पर’ विभिन्न लोगों को अग्रिम धनराशि का भुगतान किया।
सुदीप के वकील ने कहा कि फिल्म निर्माता ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्होंने बेंगलुरु के राजराजेश्वरी नगर में एक आवासीय संपत्ति खरीदने के लिए सुदीप को अग्रिम धनराशि का भुगतान किया था।
नोटिस में कहा गया है, ‘‘हमारे मुवक्किल की छवि और प्रतिष्ठा को हुए नुकसान के लिए दस करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया है।’’
कुमार से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली सकी जबकि सुरेश ने कहा कि ‘कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स’ के कार्यकारी सदस्य और पूर्व सचिव होने के नाते वह कुमार का समर्थन करने के लिए संवाददाता सम्मेलन के दौरान उपस्थित थे।
सुरेश ने कहा, ‘‘मैंने कोई आरोप नहीं लगाया। मैं केवल यही चाहता था कि मामला सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझ जाए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY