देश की खबरें | बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई से असम में मातृ, शिशु मृत्यु दर में कमी आई : मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 12 दिसंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि इस साल राज्य में बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई शुरू होने के बाद से मातृ मृत्यु दर में 33 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है और शिशु मृत्यु दर में लगभग 15 प्रतिशत की गिरावट हुई है।

उन्होंने 2026 तक बाल विवाह की सामाजिक बुराई को खत्म करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। राज्य में बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई में 5,000 से अधिक लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई है, जो शिशु और मातृ मृत्यु की उच्च दर का कारण बनता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी कार्रवाई से महिला एवं बाल स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्साहजनक परिणाम मिले हैं। 2026 तक, असम इस घृणित प्रथा को समाप्त कर देगा।’’

शर्मा ने कहा कि असम में शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) और मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) राष्ट्रीय औसत से अधिक है, और यह ‘‘राज्य के अन्य जिलों की तुलना में कुछ जिलों में अधिक है।’’

उन्होंने कहा कि उच्च आईएमआर और एमएमआर का मुख्य कारण बाल विवाह है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)