चंडीगढ़, 21 अप्रैल हरियाणा के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने रिश्वतखोरी के एक मामले में जिला जेल के एक अधिकारी और एक चाय विक्रेता को गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यहां बताया कि रोहतक में सुनरिया जिला जेल का सहायक अधीक्षक जोगिंदर पास की एक चाय दुकान के मालिक अनिल की मदद से रिश्वत ले रहा था।
प्रवक्ता ने कहा, "एसीबी को एक शिकायतकर्ता से जानकारी मिली थी कि उसका भाई और पड़ोसी राजकीय रेलवे पुलिस स्टेशन, रोहतक में दर्ज एक मामले के सिलसिले में सुनरिया जेल में बंद है। उन्हें प्रताड़ित नहीं करने के लिए, सहायक अधीक्षक ने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।’’
आरोपी जेल अधिकारी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम अनिल को देने को कहा था।
प्रवक्ता ने कहा कि मिली शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने छापा मारा और चाय की दुकान से अनिल को एक लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा, "बाद में जोगिंदर को भी जिला जेल सुनरिया से गिरफ्तार कर लिया गया।"
इस सिलसिले में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY