ताजा खबरें | पश्चिम बंगाल की आठ लोकसभा सीट पर शाम पांच बजे तक लगभग 78 प्रतिशत मतदान

कोलकाता, 25 मई लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत पश्चिम बंगाल के आठ निर्वाचन क्षेत्रों में शनिवार को शाम पांच बजे तक 77.99 प्रतिशत मतदान हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

तमलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा और बिष्णुपुर निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ था, जो शाम छह बजे तक चला।

अधिकारी ने बताया कि बिष्णुपुर (आरक्षित) सीट पर सबसे अधिक 81.47 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद तमलुक में 79.79 प्रतिशत, झाड़ग्राम (आरक्षित) में 79.68 प्रतिशत, घाटल में 78.92 प्रतिशत, मेदिनीपुर में 77.57 प्रतिशत, बांकुड़ा में 76.79 प्रतिशत, कांथी में 75.66 प्रतिशत और पुरुलिया में 74.09 प्रतिशत मतदान हुआ।

उन्होंने बताया कि शाम चार बजे तक पश्चिम बंगाल के निर्वाचन कार्यालय को 1,985 शिकायत मिलीं।

पश्चिम बंगाल के आठ लोकसभा क्षेत्रों के कुछ इलाकों से हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आईं।

राज्य में 73,63,273 पुरुष, 71,70,822 महिला और 133 ‘ट्रांसजेंडर’ मतदाताओं समेत कुल 1,45,34,228 मतदाता 15,600 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं।

राज्य में 79 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें बांकुड़ा और झाड़ग्राम में सबसे अधिक 13-13 उम्मीदवार हैं। इसके बाद पुरुलिया (12) और मेदिनीपुर एवं तमलुक में नौ-नौ उम्मीदवार हैं।

उन्होंने बताया कि बिष्णुपुर और घाटल सीट पर सात-सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

इस चरण में 29,000 से अधिक राज्य पुलिसकर्मियों के अलावा केंद्रीय बलों की कुल 919 टुकड़ी तैनात की गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)