नयी दिल्ली, 23 मई आम आदमी पार्टी (आप) जल्द ही राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अपना चुनाव अभियान शुरू करेगी। इन राज्यों में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि तीनों राज्यों में एक-एक महा रैली के साथ चुनाव अभियान शुरू होगा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तीनों राज्यों में महा रैली का नेतृत्व करेंगे। सूत्रों के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी रैलियों में हिस्सा लेंगे।
पार्टी के एक सूत्र ने बताया, "राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव को देखते हुए महा रैली का आयोजन किया जाएगा। ये रैलियां पार्टी द्वारा आयोजित अब तक की सबसे बड़ी रैली होंगी।’’
सूत्र ने कहा कि इन रैलियों के बाद ‘आप’ तीनों चुनावी राज्यों में मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए कई ‘‘टाउन हॉल’’ कार्यक्रम, रोड शो, जनसभाएं और कार्यक्रम आयोजित करेगी।
उन्होंने कहा, "तीनों बड़ी रैलियों की तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।"
दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं पर नियंत्रण को लेकर उच्चतम न्यायालय के फैसले को निरस्त करने वाले केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आप 11 जून को यहां एक महा रैली का आयोजन करेगी।
आप ने कांग्रेस शासित राजस्थान और छत्तीसगढ़ के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित मध्य प्रदेश में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY