देश की खबरें | गुजरात विधानसभा चुनाव में आप दौड़ में नहीं, असली मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच :गहलोत

वडोदरा (गुजरात), 17 अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुजरात के चुनावी परिदृश्य में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवेश को बुधवार को तवज्जो नहीं देने की कोशिश की तथा दावा किया कि असली मुकाबला कांग्रेस और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के बीच होगा।

साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिलने का विश्वास जताते हुए उन्होंने भाजपा पर प्रहार किया और कहा कि लोग बहु प्रचारित विकास के ‘गुजरात मॉडल’ का खोखलापन अब समझ गये हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह मॉडल अब बेनकाब हो गया है और लोग अब कांग्रेस को एक मौका देना चाहते हैं। ’’

यहां संवाददाताओं से बात करते हुए गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक ने कहा, ‘‘हम गुजरात में आप के प्रवेश कने से चिंतित नहीं हैं। उसके आने पर भी असली मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही होगा। कांग्रेस गुजरात में बहुत मजबूत हैं और हम इस बार कड़ी टक्कर देंगे। कांग्रेस यदि अगली सरकार बनाती है तो इससे मुझे आश्चर्य नहीं होगा।’’

उल्लेखनीय है कि आप के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुजरात की बार-बार यात्रा कर रहे हैं और चुनाव पूर्व घोषणाएं कर रहे हैं।

गहलोत बुधवार से गुजरात की दो दिवसीय यात्रा पर हैं जिस दौरान वह आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

गहलोत ने यहां पार्टी के उत्तर गुजरात क्षेत्र के नेताओं के साथ बैठक करने से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिछली बार(2017 में) हम गुजरात में महज कुछ सीटों से बहुमत का आंकड़ा नहीं प्राप्त कर सके थे। इस बार हम कड़ी टक्कर देंगे और एक प्रभावशाली चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। ’’

गुजरात में मादक पदार्थ जब्त किये जाने की हालिया घटनाओं पर गहलोत ने कहा कि महात्मा गांधी की जन्मस्थली होने के बावजूद गुजरात में शराब (जिसे निर्मित करना और बिक्री करना निषिद्ध है) और मादक पदार्थ भाजपा शासित राज्य में खुलेआम उपलब्ध है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)