देश की खबरें | आप सरकार को पंजाब के किसानों की फसलों को एमएसपी पर खरीदना चाहिए: हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी

चंडीगढ़, छह मार्च हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार से कहा कि वह आगे आकर पंजाब के किसानों को राहत दे और उनकी उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदे, जैसा कि हरियाणा में किया जा रहा है।

सैनी ने शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से पहले यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘हरियाणा में हम किसानों की सभी फसलों की खरीद एमएसपी पर कर रहे हैं और राज्य सरकार हर वो कदम उठा रही है जिससे किसान सशक्त बनें।’’

उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब की आप सरकार को आंदोलनकारी किसानों से बातचीत करनी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान तलाशना चाहिए।

सैनी से 30 से अधिक किसान संगठनों के समूह संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के बारे में पूछा गया था, जिसने पंजाब सरकार द्वारा एमएसपी पर छह फसलों की खरीद करने सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में पांच मार्च को चंडीगढ़ में धरना देने का आह्वान किया था।

हालांकि, पंजाब पुलिस ने बुधवार को चंडीगढ़ जाने के किसानों के प्रयासों को विफल कर दिया था।

सैनी ने कहा, ‘‘मैं किसान का बेटा हूं, मैं किसानों का दर्द जानता हूं, किसान खेतों में कैसे काम करता है और उसे किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हरियाणा में हम अपने किसानों का ख्याल रखते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पहले हम हरियाणा में 14 फसलों की एमएसपी पर खरीद कर रहे थे। अब हम सभी फसलों की एमएसपी पर खरीद कर रहे हैं। पहले भी मैंने पंजाब के मुख्यमंत्री को सुझाव दिया था कि उन्हें किसानों से बात करनी चाहिए और उन्हें आश्वासन देना चाहिए कि वह एमएसपी पर फसल खरीदेंगे। उन्हें किसानों को राहत देनी चाहिए।’’

सैनी ने कहा, ‘‘मैं अब भी पंजाब के मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि किसानों पर लाठियां न चलाएं, बल्कि उन्हें सशक्त बनाएं।’’

एसकेएम ने आंदोलनकारी किसानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पंजाब सरकार की कड़ी निंदा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)