चंडीगढ़, 16 सितंबर आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को दावा किया कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पहले ही पंजाब में गठबंधन ‘‘कर लिया’’ है और वे इसकी घोषणा करने के लिए उचित समय का इंतजार कर रहे हैं।
पंजाब में आप के मुख्य प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने दावा किया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और बठिंडा की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने गठबंधन करने के प्रयास शुरू किए।
उन्होंने यह भी दावा कि दोनों दलों के नेताओं ने गठबंधन की शर्तों पर चर्चा करने के लिए 15 दिन पहले दिल्ली में मुलाकात की थी।
बहरहाल, शिअद ने इन दावों का खंडन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा ने ‘‘आप और कांग्रेस के अनैतिक और अपवित्र गठबंधन से ध्यान भटकाने’’ के लिए भ्रामक सूचना फैलाने को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी की आलोचना की।
कांग्रेस और ‘आप’ दोनों विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का हिस्सा हैं।
कंग ने शनिवार को एक बयान में दावा किया, ‘‘गठबंधन की शर्तें पहले ही तय हो गयी है...भाजपा नहीं चाहती कि शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और उनके साले बिक्रम सिंह मजीठिया लोकसभा चुनाव लड़ें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा में लोग जानते हैं कि पंजाब की जनता इन दोनो नेताओं को पसंद नहीं करती है।’’
कंग ने यह भी दावा किया कि भाजपा और शिअद ‘‘पर्दे के पीछे एक है और कभी अलग नहीं हुए।’’
शिअद ने 2020 में अब निरस्त हो चुके कृषि कानूनों को लेकर भाजपा से गठबंधन तोड़ लिया था।
कंग ने दावा किया कि शिअद ने किसान आंदोलन के दौरान लोगों को ‘‘गुमराह’’ करने के लिए भाजपा के साथ अपना गठबंधन तोड़ने का केवल ‘‘नाटक’’ किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘शिअद और भाजपा एक टीम का हिस्सा हैं लेकिन जनता के सामने इसकी घोषणा नहीं कर रहे हैं क्योंकि वे पंजाब के लोगों के गुस्से से डरे हुए हैं।’’
कंग के दावों पर शिअद नेता चीमा ने ‘आप’ से भ्रामक सूचना फैलाने का अभियान बंद करने को कहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY