नयी दिल्ली, 18 जून आम आदमी पार्टी (आप) ने मणिपुर में हिंसा के लिए रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया और पूर्वोत्तर राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने में सरकार की कथित विफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अक्षम करार दिया।
‘आप’ के राज्यसभा सदस्य एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जब तक भाजपा सत्ता में है, देश में अमन-चैन कायम नहीं रह सकता।’’
मणिपुर में मेइती और कुकी समुदायों के बीच एक महीने पहले भड़की जातीय हिंसा में अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
‘आप’ नेता ने कहा, ‘‘डेढ़ महीने से ज्यादा समय से मणिपुर जल रहा है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुप हैं। उन्होंने अब तक मणिपुर का ‘म’ अक्षर भी नहीं बोला है।’’
मोदी की कथित चुप्पी पर सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री अक्षम हैं और देश को बर्बादी की ओर ले जाना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उनके पास कोई एजेंडा या दृष्टिकोण नहीं है। उनके पास करने के लिए और कुछ नहीं है।’’
सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘नफरत फैलाओ और राज करो-यही वह फॉर्मूला है जिसे भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी सत्ता में बने रहने के लिए लागू करते रहे हैं।’’
सांसद ने भाजपा को देश में ‘‘घृणा का सबसे बड़ा कारखाना’’ करार दिया, और कहा कि ‘‘जब तक भाजपा है तब तक देश में शांति नहीं होगी।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा ‘भारतीय झगड़ा पार्टी’ बन गई है। भाजपा का एकमात्र उद्देश्य नफरत फैलाकर और हिंसा भड़काकर, धर्म, जाति और संप्रदायों के आधार पर लोगों के बीच विभाजन पैदा करके इस देश को बर्बाद करना है।’’
सिंह ने कहा, ‘‘मणिपुर राज्य में भाजपा द्वारा फैलाई गई नफरत के कारण हिंसा का गवाह बन रहा है।’’
‘आप’ नेता ने प्रधानमंत्री से अपने विदेश दौरे में कटौती करने और राज्य में मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति को हल करने के लिए मणिपुर जाने को कहा।
सिंह ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भारत की स्थिति को देखें। मणिपुर का दौरा करें और मौजूदा स्थिति का समाधान करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ये आपके लोग हैं जो मारे जा रहे हैं। ये आपके वे लोग हैं जिनके घरों में आग लगा दी गई। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है कि आप अब भी चुप हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY