देश की खबरें | मुंबई हवाईअड्डे पर रनवे से विमान के फिसलने की एएआईबी ने जांच शुरू की

मुंबई/नयी दिल्ली, 15 सितंबर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने मुंबई हवाईअड्डे पर एक निजी विमान के उड़नपट्टी से फिसलने की घटना की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इस घटना में आठ लोग घायल हो गए थे।

विशाखापत्तनम से आ रहा निजी विमान बृहस्पतिवार शाम भारी बारिश के बीच मुंबई हवाई अड्डे की उड़नपट्टी से फिसल गया और विमान दो हिस्सों में टूट गया।

इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन विमान में सवार दो पायलटों और चालक दल के एक सदस्य सहित सभी आठ लोगों को चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि एएआईबी की एक टीम बृहस्पतिवार रात मुंबई पहुंची और शुक्रवार को जांच शुरू की।

सूत्रों में से एक ने कहा कि टीम दुर्घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करेगी और साथ ही पायलट, सह-पायलट और अन्य लोगों से बातचीत करेगी।

एक अन्य सूत्र ने कहा कि विमान का मलबा हटा दिया गया है और मुंबई हवाई अड्डे पर दोनों हवाईपट्टी अब पूरी तरह से चालू है।

मुंबई हवाईअड्डे के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि खराब विमान को हटाने का काम अपराह्न दो बजकर 53 मिनट पर शुरू हुआ और शाम पांच बजकर 55 मिनट पर उसे वहां से हटा दिया गया।

प्रवक्ता ने कहा कि निष्क्रिय विमान को आगे की कार्रवाई के लिए शाम छह बजकर 16 मिनट पर उसके मालिकों को सौंप दिया गया और अब सभी क्षेत्रों को साफ कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)