देश की खबरें | एएआईबी, डीजीसीए के दल उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसे की जांच करेंगे

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के दल उत्तराखंड के केदारनाथ के निकट हुए हेलीकॉप्टर हादसे की जांच करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

हादसे का शिकार हुए हेलीकॉप्टर का संचालन करने वाली कंपनी ‘आर्यन एविएशन’ नियामक की जांच के दायरे में आई थी और कुछ नियमों के उल्लंघन को लेकर डीजीसीए ने हाल में उस पर पांच लाख रुपए का जुर्माना लगाया था।

डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एएआईबी और डीजीसीए के दल दुर्घटनास्थल के लिए पहले ही रवाना हो चुके हैं।

अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (आईसीएओ) के वर्गीकरण के अनुसार, यह एक हादसा है और इस मामले की जांच एएआईबी करेगा। डीजीसीए भी इस मामले की जांच करेगा।

आर्यन एविएशन द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर बेल 407 (वीटी-आरपीएन) में रुद्रप्रयाग के गरुड़ चट्टी के देव दर्शनी में पूर्वाह्न करीब 11.45 बजे आग लग गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई।

डीजीसीए ने इस साल जून में चार धाम तीर्थयात्रा मार्गों पर उड़ान भरने वाले हेलीकॉप्टर संचालकों के लिए परामर्श जारी किया था। यह परामर्श मई में केदारनाथ हेलीपैड पर उतरते समय एक हेलीकॉप्टर के उछलकर 270 डिग्री मुड़ जाने की घटना की पृष्ठभूमि में जारी किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)