देश की खबरें | मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिज़र्व में एक बाघ मृत मिला

पन्ना (मप्र), नौ जून मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिज़र्व में बृहस्पतिवार को एक बाघ मृत मिला।

एक वन अधिकारी ने बताया कि पी-111 नाम के इस बाघ की उम्र लगभग 13 साल थी। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उम्र संबंधी परेशानियों के कारण बाघ की मौत हुई, क्योंकि जिस स्थान पर बाघ का शव मिला है उसके आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि का कोई संकेत नहीं मिला।

उन्होंने बताया कि वन गश्ती दल को पन्ना-कटनी राज्य राजमार्ग पर बाघ का शव मिला। यह बाघिन टी-1 की संतान था।

उन्होंने बताया कि मौत के उचित कारण का पता लगाने के लिए बाघ के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए हैं।

उन्होंने बताया कि शव परीक्षण के बाद वरिष्ठ वन अधिकारियों और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में शव को दफनाया जाएगा।

अखिल भारतीय बाघ अनुमान रिपोर्ट 2018 के अनुसार, मध्य प्रदेश में देश में सबसे अधिक 526 बाघ हैं। मध्य प्रदेश में कान्हा, बांधवगढ़, सतपुड़ा, पेंच, पन्ना और संजय दुबरी टाइगर रिज़र्व सहित कई बाघ अभयारण्य हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)