नयी दिल्ली, 23 जनवरी महाराष्ट्र के जलगांव में बुधवार शाम को हुए रेल हादसे और 13 लोगों की मौत मामले की पांच वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों की एक टीम ने जांच शुरू कर दी है। रेलवे बोर्ड ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
बोर्ड ने बताया कि टीम में प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी (पीसीएसओ), प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (पीसीएससी), प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर (पीसीईई), प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (पीसीएमई) और प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (पीसीसीएम) शामिल हैं और ये सभी अधिकारी मध्य रेलवे जोन से हैं।
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि ‘‘पीसीएसओ को संयोजक नियुक्त किया गया है।’’
कुमार ने बताया, ‘‘टीम को घटना के कारणों की जांच करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।’’
लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में बुधवार शाम में चेन खींचने की घटना हुई, जिसके बाद कुछ यात्री पटरी पर उतर गए और पास की पटरी से गुजर रही कर्नाटक एक्सप्रेस (बेंगलुरु से नयी दिल्ली) की चपेट में आ गए।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) स्वप्निल धनराज नीला ने बताया, ‘‘रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बुधवार को हुए इस हादसे की प्राथमिक जांच शुरू की थी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यात्रियों ने चेन क्यों खींची और पुष्पक एक्सप्रेस से क्यों उतरे।’’
उन्होंने बताया कि अब जांच पांच वरिष्ठ अधिकारियों की टीम को सौंप दी गई है।
यह पूछे जाने पर कि क्या रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) भी घटना की जांच करेंगे, नीला ने बताया, ‘‘सीआरएस जांच का आदेश अभी जारी नहीं किया गया है।’’
प्रारंभिक खबरों के मुताबिक, आग लगने की अफवाह के कारण पुष्पक एक्सप्रेस के यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ यात्री ट्रेन से नीचे उतरकर बगल वाली पटरी पर खड़े हो गए, तभी तेज गति से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने उनमें से कई को अपनी चपेट में ले लिया।
रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन के डिब्बे के किसी भी हिस्से से कोई चिंगारी या धुआं नहीं निकला।
रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि अफवाह किसने फैलाई और यात्री किस वजह से ट्रेन से नीच उतरे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY