नोएडा, 16 अप्रैल यहां 14 अप्रैल को कोचिंग जाने के लिये घर से निकलने के बाद से लापता दसवीं कक्षा का छात्र बुधवार को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से मिला और उसने पुलिस को बताया कि माता-पिता सेना में शामिल होने के उसके फैसला का विरोध कर रहे थे जिस वजह से वह घर से भाग गया था।
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि 14 अप्रैल को एक शिकायत मिली जिसमें कहा गया कि 10वीं कक्षा का 16 वर्षीय छात्र लापता है।
शर्मा के अनुसार, वह घर से कोचिंग के लिये निकला था लेकिन कोचिंग सेंटर के कर्मचारियों ने लड़के के पिता को अपराह्न दो बजे के करीब बताया कि उनका बेटा पढ़ने के लिए नहीं आया।
थाना प्रभारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है और छात्र का पता लगाने के लिए एक पुलिस टीम गठित की गई।
उन्होंने बताया कि छात्र के परिजनों ने सोशल मीडिया के विभिन्न ग्रुप पर लड़के की तस्वीर साझा करते हुए लोगों से अपील की कि अगर किसी को उसके बारे में जानकारी हो तो तुरंत सूचना दें। देखते ही देखते मैसेज कई ग्रुप पर वायरल हो गया।
थानेदार ने बताया, "पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और स्थानीय लोगों से छात्र के बारे में पता किया। बुधवार को छात्र को पुलिस टीम ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पाया।"
शर्मा ने कहा, "उसने पुलिस को बताया कि वह सेना में भर्ती होना चाहता था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा है, जिसके कारण उसके परिवार के सदस्य सेना में भर्ती होने के उसके फैसले पर आपत्ति जता रहे हैं।"
उन्होंने बताया कि लड़के को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY