जमशेदपुर, 26 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय बजट में सभी वर्गों के लोगों का ध्यान रखा गया है और यह आत्मनिर्भरता के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक कदम है।
रूडी ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि बजट समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में रूडी के साथ भाजपा की झारखंड इकाई के प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले और जमशेदपुर महानगर कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु ओझा भी मौजूद थे। रूडी ने कहा कि बजट देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और समावेशी विकास के जरिये ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने पर केंद्रित है।
घरेलू उद्योगों की सुरक्षा के लिए ‘एंटी-डंपिंग’ शुल्क की इस्पात क्षेत्र की मांग के बारे में भाजपा सांसद ने कहा कि इस्पात अवसंरचना विकास में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा, “सरकार इस बात से अवगत है और इस पर काम कर रही है।”
झारखंड का जिक्र करते हुए रूडी ने कहा कि उन्होंने सोचा था कि बिहार से अलग होने के बाद यह देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा, लेकिन मौजूदा स्थिति पर उन्हें अफसोस है।
बाद में एक संवाददाता सम्मेलन में रूडी ने झारखंड सरकार को विकास के पथ पर आगे बढ़ने के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का सुझाव दिया।
मंत्रिमंडल विस्तार से पहले बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बारे में पूछे जाने पर रूडी ने कहा कि यह उनकी पार्टी की ‘एक व्यक्ति, एक पद’ की नीति के अनुरूप है।
उन्होंने कहा कि जायसवाल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे और संगठन पर अधिक ध्यान देंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY