देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के कठुआ में दोहरे हत्याकांड की जांच के लिए छह सदस्यीय एसआईटी का गठन

जम्मू, 19 फरवरी जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के एक गांव में हाल ही में हुई दो लोगों की हत्या की जांच के लिए बुधवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

रोशन लाल (45) और शमशेर (37) के शव 16 फरवरी को बिलावर के बथेरी गांव में एक नाले के किनारे से बरामद किए गए थे। शवों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला कि उनकी गला दबाकर हत्या की गई थी।

पुलिस ने अब तक दोहरे हत्याकांड में आतंकियों संलिप्तता से इनकार नहीं किया है। पिछले कुछ दिन से पास के जंगलों में पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों का संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान भी जारी है।

हालांकि, जांचकर्ताओं को अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि एसआईटी के गठन से जांच में तेजी आएगी।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 17 फरवरी को, दोनों व्यक्तियों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा था कि उनका कार्यालय स्थानीय विधायक के संपर्क में है, जबकि संबंधित अधिकारियों को इन मौतों के कारणों की जांच करने के लिए कहा गया है।

पिछले साल, बिलावर समेत कठुआ के कई हिस्सों में आतंकवादी गतिविधियां देखी गईं, जिनमें सेना के गश्ती दल पर हमला भी शामिल था। इस हमले में पांच सैनिकों ने जान गंवा दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)