देश की खबरें | महाराष्ट्र में स्कूली लड़कियों के साथ छेड़खानी करने पर एक व्यक्ति को एक वर्ष की कठोर कैद
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

अलीबाग (महाराष्ट्र), एक जनवरी महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में अलीबाग की एक विशेष अदालत ने 49 वर्षीय एक व्यक्ति को स्कूली लड़कियों के साथ छेड़खानी करने के जुर्म में एक साल कठोर कारावास की सजा़ सुनायी है।

हाल ही में अपने आदेश में विशेष अदालत के न्यायाधीश एस एस शेख ने अभियुक्त अरविंद पुराणिक पर 5000 रूपये का जुर्माना भी लगाया।

शिकायत के अनुसार पुराणिक ने कई बार लड़कियों के साथ छेड़खानी की , जब वे स्कूल जा रही होती थीं।

पिछले साल अगस्त में यह घटना कई बार हुई। वह अपनी मोटरसाइकिल से लड़कियां का पीछा करता था और अश्लील हरकतें करता था।

इन लड़कियों में से एक की मां ने अलीबाग थाने में शिकायत दर्ज करायी जिसके बाद भादंसं एवं बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

अदालत में नौ गवाहों की गवाही दर्ज की गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)